वृंदावन में पीएनजी का 13 रुपये का बिल जमा करने के नाम पर साइबर ठगों ने बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक के खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। कनेक्शन काटने की धमकी देकर ऑनलाइन भुगतान कराया गया था, जिसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
वृंदावन में पीएनजी रसोई गैस का बिल जमा करने के नाम पर साइबर ठगों ने एक बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक के खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। बैंक अधिकारी ने इस घटना की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराई है। मथुरा में कार्यरत विनय चतुर्वेदी के साथ यह ठगी हुई है।
विज्ञापन
राधावैली निवासी विनय चतुर्वेदी मथुरा में एक बैंक में क्षेत्रीय प्रबंधक हैं। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को उनके मोबाइल पर टोरेंट गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक आवश्यक नोटिस आया था। इसमें रसोई गैस का बिल जमा करने के लिए कहा गया था। नोटिस में दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन करने पर उनसे 13 रुपये का बिल जमा करने को कहा गया।
बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी गई थी। जैसे ही उन्होंने 13 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया, उनके बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने 98 हजार रुपये निकाल लिए। विनय चतुर्वेदी ने इस संबंध में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत की है। सीओ वृंदावन प्रवीन तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।