कोसीकलां (मथुरा)। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर ट्रक के चालक द्वारा अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही गन्ने से भरी पिकअप गाड़ी ट्रक में जा घुसी। जिससे पिकअप का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रविवार की शाम दिल्ली की ओर से एक ट्रक मथुरा की तरफ जा रहा था। उसी के पीछे से गुरुग्राम से पिकअप गन्ने लेकर आगरा जा रही थी। जैसे ही ट्रक बाईपास पर पहुंचा तो ट्रक चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगने से पीछे आ रही पिकअप ट्रक में जा घुसी और क्षतिग्रस्त हो गई। पिकअप में बैठा परिचालक आगरा निवासी रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती तब तक चालक ट्रक को लेकर भाग गया।