नौहझील। नौहझील पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और एंटी रिवार्डिंग टीम की संयुक्त कार्रवाई में सरकारी खंभों से बिजली के तार चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शनिवार देर रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से गिरोह का मुख्य आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी आगरा जिले के रहने वाले हैं।
सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि तार चोरी करने वाला गिरोह क्षेत्र में वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी अंजीश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमन उज्ज्वल, उपनिरीक्षक मदन सिंह और उपनिरीक्षक रजत गर्ग पुलिस टीम के साथ अहमदपुर रोड से कोलाहार जाने वाले कच्चे रास्ते के मोड़ पर नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुट गए। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक लोडर गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस के अनुसार, गाड़ी में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी। घायल बदमाश की पहचान बलदेव नगर, थाना ताजगंज आगरा निवासी आकाश के रूप में हुई। पुलिस ने आकाश के चार साथियों अछनेरा निवासी राकेश, इरादतनगर आगरा निवासी शानू, सदर बाजार आगरा निवासी मुराद और कुरावली आगरा निवासी प्रवीण उर्फ ललुआ को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
शातिरों को आपराधिक इतिहास
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। घायल आकाश के खिलाफ नौहझील और हाथरस के चंदपा थाने में विद्युत अधिनियम व जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। वहीं प्रवीण उर्फ ललुआ के खिलाफ अछनेरा, एत्मादपुर, चंदपा और एंटी पावर थेफ्ट पुलिस स्टेशन आगरा में चोरी तथा विद्युत अधिनियम के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो खोखे, तीन जिंदा कारतूस, तार काटने वाला कटर, दो रस्से, रबर के ग्लव्स, बिजली के तार का बंडल और बिना नंबर प्लेट की लोडर गाड़ी बरामद की है।