जुम्मा अलविदा की नवाज अदा करते मुस्लिम समाज के लोग
मथुरा। शहर में शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिद के अंदर नमाज अदा की। पुलिस ने शहर की शाही ईदगाह, जामा मस्जिद समेत स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर रखा था।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा कराने के लिए पुलिस ने पूरी व्यवस्था कर रखी थी। शहर को चार सेक्टरों में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। सेक्टर स्कीम के तहत सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी, यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहे। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। ड्रोन से भी ईदगाह समेत अन्य स्थानों पर चेकिंग कराई गई।
जिन थाना क्षेत्रों में मस्जिद हैं, वहां पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी को भी सड़क पर नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी गई थी। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी शांति व्यवस्था को बनाए रखने में पूरा सहयोग किया। शहर की जामा मस्जिद में मुफ्ती मोहम्मद आसिफ रजा ने जुमे की नमाज पढ़ाई। नमाज से पहले उन्होंने रमजान के महीने में रोजों की फजीलत बयां की। ईदगाह, मनोहरपुरा, नई बस्ती, सदर, भूतेश्वर स्थित बाग काजियान आदि मस्जिदों में भी लोगों ने नमाज अदा की और फिर शाम को रोजा इफ्तार किया।