छाता में संस्कृति यूनिवर्सिटी के पास एनएच-19 पर चार वाहन आपस में टकरा गए, जिससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने खुलवाया।
छाता के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार सुबह करीब 4 बजे संस्कृति यूनिवर्सिटी के निकट एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। इस सड़क हादसे में दो कंटेनरों के चालकों और परिचालकों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार तड़के दिल्ली से आगरा की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे ईटों से भरे ट्राले में टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के दौरान जब कई वाहन खड़े थे, तभी पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर पहले से खड़े ट्रक में जा घुसा। इसके ठीक पीछे आ रहा दूसरा कंटेनर भी अनियंत्रित होकर आगे वाले कंटेनर में पीछे से जोरदार गति से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कंटेनरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कंटेनरों में फंसे चालकों और परिचालकों को बाहर निकाला। सभी घायलों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। पुलिस और हाईवे के कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के बीच से हटवाकर साइड किया और करीब कई घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।