मथुरा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत ‘अन्न महोत्सव’ का आयोजन नोडल अधिकारी मयूर माहेश्वरी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बाजना ब्लॉक नौहझील में किया गया। इसके तहत जिले की 827 राशन की दुकानों पर लाभार्थियों को नि:शुल्क राशन का वितरण किया गया।
चौमुहां ब्लॉक के ग्राम सेही में मत्स्य, पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने अन्न महोत्सव कार्यक्रम में राशन कार्डधारक लाभार्थियों को नि:शुल्क अन्न वितरण किया। इसी क्रम में विधायक गोवर्धन ठाकुर कारिंदा सिंह ने ग्राम पंचायम अड़ींग एवं अन्यौर में नि:शुल्क राशन वितरण किया।
नोडल अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने ग्रामीणों को अन्न महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि पिछले मार्च, 2020 से विश्व इस सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना से जूझ रहा है। इस महामारी से कमजोर तबके के रोज कमाने और खाने वाले वर्ग की आजीविका पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। इस योजना से प्रदेश के 4.5 करोड़ परिवारों को लाभ प्राप्त हुआ है। योजना के अंतर्गत 05 किलोग्राम प्रति यूनिट मुफ्त राशन दिया जा रहा है जो कि माह नवंबर तक जारी रहेगा।
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने चंदनवन में आयोजित कार्यक्रम में नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण किया। सीडीओ डॉ. नितिन गौड़ ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल 4.64 कार्डधारक परिवारों के 18 लाख 97 हजार यूनिट को 8843.165 मीट्रिक टन प्रतिमाह खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्डधारकों से अनुरोध किया कि राशन लेने से पहले ई-पास मशीन में अंगूठा लगाकर पर्ची अवश्य प्राप्त कर लें।