यूपी के मथुरा जिले में डेयरी पर केमिकल से पनीर तैयार किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापे मारकर नकली पनीर बनाए जाने का गोरखधंधे का खुलासा किया। डेयरी परिसर को सील करने के साथ ही पाउडर, रिफाइंड और घी को सीज कर दिया है।
मथुरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शुक्रवार को नौहझील में एक डेरी पर छापा मारा। यहां पाउडर और पामोलिन से नकली पनीर बनाया जा रहा था। टीम ने डेयरी परिसर को सील करने के साथ ही पाउडर, रिफाइंड और घी को सीज कर दिया है। वहीं डेयरी पर बिक्री के लिए तैयार किया गया 90 किलो नकली पनीर नष्ट करा दिया गया। टीम ने सभी पदार्थों के नमूने लेकर भी जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में एफएसडीए की टीम पुलिस बल के साथ नौहझील के निषादराज तिराहा स्थित बांके बिहारी डेयरी पर पहुंची। यहां स्किम्ड मिल्क पाउडर और पोमोलिन ऑयल से नकली पनीर बनाया जा रहा था। टीम ने डेयरी से नकली पनीर, घी, स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलिन ऑयल के नमूने लिए। वहीं नकली पनीर बनाने में प्रयोग किए जा रहे।
26 हजार रुपये का 163 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 45 हजार रुपये का 238 किलो पामोलिन ऑयल और 66 हजार रुपये का 120 किलो घी सीज करने के साथ ही डेयरी परिसर को भी सील कर दिया। टीम को यहां 90 किलो पनीर भी तैयार मिला। पनीर को मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया।
विभाग ने डेयरी का लाइसेंस निलंबित करते हुए कारोबार पर रोक लगाने के भी आदेश दिए। इसके अलावा बाजना स्थित ऋषि डेयरी से पनीर का, मथुरा के कृष्ण नगर से अरहर दाल का, भूतेश्वर तिराहे से बूंदी के लड्डू का एक नमूना लिया। कुल 7 नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम नरेश, धर्मेंद्र सिंह एवं भरत सिंह, अरुण राणा शामिल रहे।
असली-नकली पनीर का पता लगाने के तरीके ये हैं:- नंबर 1
जब आप दुकान से पनीर खरीदें या पनीर घर ला चुके हैं तो आप पनीर को हाथ से मसल सकते हैं। ऐसे में अगर पनीर टूटकर गिर रहा है, तो यानी ये पनीर मिलावट वाला हो सकता है। ऐसे पनीर को न खरीदें, वरना ये आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।
नंबर 2
आप जिस पनीर का सेवन कर रहे हैं वो असली है या फिर नकली है। इसका पता आप उसकी खूशबू से लगा सकते हैं। आपको करना ये है कि पनीर को सूंघना है अगर इसमें से दूध वाली खूशबू आ रही है तो ये पनीर असली होता है। जबकि, नकली पनीर में ऐसी कोई गंध नहीं आती है।
नंबर 3
पनीर को उबालकर भी आप ये जान सकते हैं कि पनीर मिलावट वाला है या असली है। आपको इसके लिए पहले पनीर को उबाल लेना है और फिर इसे निकालकर रख देना है ताकि ये ठंडा हो जाए। इसके बाद इस ठंडे पनीर के ऊपर अरहर या सोयाबीन का पाउडर डाल दें और 10 मिनट छोड़ दें। इसके बाद अगर पनीर हल्के लाल रंग का हो जाता है तो ये पनीर डिटर्जेंट से तैयार किया हुआ हो सकता है। ऐसे पनीर का सेवन बिलकुल न करें।
नंबर 4
मिलावट करने वाले लोग पनीर में स्टार्च मिला देते हैं। आप इसका पता लगाने के लिए पनीर के कुछ टुकड़े ले लें और फिर इन पर आयोडीन सॉल्यूशन की कुछ बूंदें डाल दें। इसके बाद अगर पनीर नीला या फिर काले रंग का हो जाता है तो ये पनीर मिलावट वाला हो सकता है। वहीं, असली पनीर का रंग नहीं बदलता है।