मथुरा। पेपर लीक होने के कारण बीते 3 मई को रद्द हुई नीट-यूजी की परीक्षा अब 21 जून को आयोजित होने जा रही है। परीक्षा के सीमित समय को देखते हुए शिक्षा विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को सफलता के विशेष टिप्स दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतिम समय में नया पाठ्यक्रम छूने के बजाय केवल पूर्व में पढ़े गए सिलेबस के रिवीजन पर ही ध्यान केंद्रित करें।
विशेषज्ञों के अनुसार, फिजिक्स और केमिस्ट्री में बेहतर स्कोर करने के लिए फॉर्मूले याद करना और उन्हें सही तरीके से अप्लाई करना बेहद जरूरी है, जिससे परीक्षा हॉल में सवाल जल्द हल हो सकेंगे। वहीं बायोलॉजी के लिए छात्रों को अपनी इंपॉर्टेंट पॉइंट नोटबुक का गहराई से रिवीजन करना चाहिए। इसके साथ ही एनसीईआरटी की किताबों को मुख्य आधार बनाकर पढ़ाई करने की सलाह दी गई है। परीक्षा में समय प्रबंधन सबसे अहम भूमिका निभाता है। इसके लिए छात्र पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करें और मॉक टेस्ट दें, जिससे समय रहते पूरे पेपर को हल करने का अभ्यास हो सके। विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों को पूरी तरह से आत्मविश्वासी रहने और परीक्षा के दिन समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की हिदायत दी है।
भौतिक और रसायन विज्ञान में फॉर्मूले ही आपकी गति तय करेंगे, इसलिए उनके रिवीजन पर विशेष ध्यान दें। - राजकुमार यादव, सेंटर हेड, जेके क्लासेज
बायोलॉजी में एनसीईआरटी की लाइनें और अपनी आईपीएन नोटबुक को दोहराएं, यही इस समय सबसे सटीक रणनीति है। - विभांशु मिश्रा, ब्रांच मैनेजर, आकाश इंस्टीट्यूट
परीक्षा के दबाव को खुद पर हावी न होने दें, पर्याप्त नींद लें और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। - डॉ. स्तुति सिरीन, मनोचिकित्सक, जिला अस्पताल