मथुरा। जिले के पांच सीनियर पुरुष बॉक्सर मंडलीय चयन ट्रायल में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडलीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चयन ट्रायल 25 सितंबर को आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों से मंडल स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
बुधवार को गणेशरा स्थित स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में सीनियर पुरुष वर्ग के जिला स्तरीय बॉक्सिंग चयन ट्रायल आयोजित किए गए। इसमें खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में दमखम दिखाया। मुकाबलों में प्रदर्शन के आधार पर मुस्तकीम, विजेंद्र, मनीष, राहुल लोहकाना और आकाश गावर का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया।
चयनित सभी पांच खिलाड़ी अब आगरा में होने वाले मंडलीय ट्रायल में अपने-अपने भार वर्ग में प्रतिभाग करेंगे। उप जिला क्रीड़ा अधिकारी आजाद सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।