कोसीकलां में पाइप फैक्टरी में आग के उठती लपटें।
कोसीकलां। नंदगांव रोड इंडस्ट्रियल एरिया में बृहस्पतिवार की देर शाम पाइप फैक्टरी में भीषण आग लग गई। एक कोने से उठा धुआं देखकर अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन तब तक चिंगारी शोला बन गई और लपटों ने पूरे परिसर को अपने आगोश में ले लिया। तीन दमकल आग पर काबू पाने में जुटी रही लेकिन तब तक लाखों का माल स्वाहा हो गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम कल्याणपुर थाना बहरोड जिला कोटपूतली राजस्थान निवासी हिम्मत सिंह की नंदगांव रोड इंडस्ट्रियल एरिया में आस्तिक पाइप उद्योग नाम से पाइप फैक्टरी है। शाम 7 बजे बजे फैक्टरी के एक हॉल से धुंआ उठते देख कर्मचारियों में खलबली मच गई। कर्मचारियों ने फोन से मालिक व पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना के बाद दमकल पहुंच गई लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कर्मचारी असहाय दिखने लगे। जिंदल सां लिमिटेड और वेकमेट कंपनी की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग लगने के तीन घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने जुटी थी। फायर बिग्रेड अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि प्लास्टिक में आग लगने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। आग के कारणों का पता नही लग सका है। आग का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। आग से लाखों रुपये की तैयार पाइप, कच्चा माल और मशीनें जलकर राख हो गई हैं।