दो अधिवक्ताओं के बीच मंगलवार को हुआ विवाद ऐसा बढ़ा कि यहां मौजूद कई लोग चपेट में आ गए। बाद में कुछ अधिवक्ताओं ने बीच में पड़कर मामले को शांत कराया।
घटनाक्रम 11 बजे का है। दरअसल एक अधिवक्ता दूसरे अधिवक्ता के चैंबर पर पहुंचे और मोटर दुर्घटना क्लेम की बकाया राशि मांगी। इस रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पहले कहासुनी हुई और फिर हाथापाई होने लगी। बात बढ़ती ही चली गई। एक अधिवक्ता के सिर में गहरी चोट लग गई।
अधिवक्ताओं के इस झगड़े में कुछ बाहरी भी शामिल हो गए। जब इसकी जानकारी दूसरे अधिवक्ताओं को लगी तो वह भी मौके पर दौड़ पड़े। यहां जाकर बाहरी लोगों की तलाश शुरू कर दी गई। इससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया था।
इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास एक युवक को पकड़ लिया और अधिवक्ताओं ने उसे पीटना शुरू कर दिया। कपड़े फाड़ दिए गए। यहां जिसे भी किसी ने झगड़े में शामिल बता दिया उसकी ही अधिवक्ताओं ने पिटाई की। बाद में कचहरी के कुछ अधिवक्ताओं ने बीच में पड़कर मामले को शांत कराया। इस विवाद को लेकर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।