मथुरा। श्रीकृष्ण के अन्तर्राष्ट्रीय विश्राम गृह में रुकी महिला को हीरे के आभूषण देते जन्मस्थान
- फोटो : mathura
मथुरा। गुजरात से श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर दर्शन करने पति के साथ पहुंची महिला श्रद्धालु शैलजाबेन शाह दर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय विश्राम गृह में रुकी हुई थीं। यहां से वापस जाते समय उनके बेशकीमती चार हीरे के कड़े विश्राम गृह के कक्ष में ही छूट गए थे।
यहां से महिला श्रद्धालु श्रीगिरिराजजी की परिक्रमा करने चली गईं। परिक्रमा करते समय महिला को याद आया कि उसके हीरे के कड़े तो श्रीकृष्ण जन्मस्थान के विश्राम गृह में ही रह गए हैं। उसने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया। पुलिसकर्मी राकेश बाबू यादव एवं राघवेंद्र गौतम सूचना के आधार पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे और श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, विश्राम गृह प्रभारी रणधीर कुमार सिंह के सहयोग से चार हीरे के कड़े खोजकर महिला श्रद्धालु को सूचना दी।
उन्होंने महिला से कहा कि धार्मिक कार्य की पूर्णता के उपरांत श्रीकृष्ण जन्मस्थान आएं और अपनी अमानत प्राप्त कर लें। रविवार को महिला शैलजाबेन पति के साथ जन्मभूमि पहुंचीं। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने उन्हें मंदिर का प्रसाद एवं चुनरी भेंट करने के बाद अमानत स्वरूप रखे बेशकीमती हीरे के चार कड़े सौंप दिए। इससे महिला ने सभी का आभार जताया।