दिल्ली के श्रद्धालु युवक अपने परिवार के साथ रविवार सुबह ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने के लिए आया था। वह गेट संख्या चार के चार पर वीआईपी के लिए बनी रेलिंग में घुसने का प्रयास कर रहा था। भीड़ के दबाव और धक्का-मुक्की के बीच युवक ने महिला पुलिसकर्मी को धक्का दे दिया। इसे लेकर महिला पुलिसकर्मी ने उसकी टी शर्ट पकड़ कर खींचा और जमकर धुनाई कर दी।
महिला पुलिसकर्मी के साथ वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और युवक को पीटा। युवक के साथ आई महिलाएं उसे बचाने के लिए पुलिसकर्मियों से अनुनय विनय कर रही थीं। अन्य श्रद्धालु भी युवक के बचाव में आगे आए।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे पीटते हुए श्रीबांकेबिहारी पुलिस चौकी ले गए। श्रद्धालु युवक द्वारा पुलिस कर्मियों से माफी मांगने पर समझौता हो गया। इसके बाद युवक परिजनों के साथ दिल्ली चला गया। मंदिर के गेट चार के पास महिला पुलिसकर्मी द्वारा श्रद्धालु युवक को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालु युवक ने मंदिर के द्वार पर तैनात महिला सिपाही को धक्का दिया। इस बात को लेकर झगड़ा हो गया। उसके कुछ ही समय बाद युवक द्वारा माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया।