चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र स्थित दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर आझई कलां के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और उनके 8 माह के मासूम बेटे की मौत हो गई। जबकि पत्नी और बहन गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का केडी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना मगोर्रा के गांव नगला बहरावती निवासी मनीष (20) पुत्र रंधीर अपनी पत्नी यशोदा (19), बहन मीनू (18) और 8 माह के मासूम बच्चे हिमांशु के साथ बाइक से गांव तरौली में मुंडन संस्कार के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर आझई कलां के पास पहुंचे, तभी एक टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मनीष और मासूम हिमांशू की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर मनीष की पत्नी यशोदा और बहन मीनू का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। पिता और पुत्र की मौत के बाद परिवार में चीत्कार मच गई।