मांट। भीषण गर्मी के बीच मांट ब्रांच गंग नहर में काफी समय से पानी नहीं आ रहा है। इससे किसानों की फसलें सिंचाई न होने के कारण सूखने और खराब होने के कगार पर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मांट ब्रांच गंग नहर पर सौ से ज्यादा गांवों के किसान निर्भर हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
दरअसल, मांट क्षेत्र में खेतों की सिंचाई के लिए यह गंग नहर एक बड़ा साधन है, लेकिन पिछले काफी समय से इसमें पानी न होने के कारण फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इसके कारण फसलें सूख रही हैं। ककरारी के पूर्व प्रधान लेखराज सिंह ने बताया कि मांट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किसान सिंचाई के लिए नहर पाए निर्भर रहते हैं, लेकिन पानी न होने और भीषण गर्मी के कारण किसान परेशान हैं। जाबरा के किसान राजवीर सिंह ने बताया कि जल्द ही नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो खेतों में बोई फसलें बर्बाद हो जाएंगी।
इन गांवों में फसलें हो रही प्रभावित
मांट ब्रांच गंग नहर में पानी न आने से कराहरी, इरौली, नसीटी, लक्ष्मीनगर, नगला हरदयाल, जाबरा, गढ़ी आशा, गढ़ी मनसुख, कसेरा, चौकड़ा, दरबे, जसौली, नगला अलिया, नगला सीरिया, ककरारी, नगला अम्बू, केहरी गढ़ी, चौकड़ा, सूरज, ढकू समेत सौ से ज्यादा गांवों में किसान प्रभावित हैं।