नौहझील। गांव जाफरपुर में पेड़ से जामुन तोड़ने गए किसान की पेड़ के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना सुन कर परिवार में कोहराम मच गया।
किसान शीशपाल (45 ) घर से बच्चों के साथ जामुन तोड़ने खेत पर गया था। उसके साथ तीन बच्चे भी गए थे। जिस पेड़ से वह जामुन तोड़ रहा था, उसके ऊपर से हाइटेंशन लाइन जा रही है। पेड़ के नीचे बारिश का पानी भरा था। वह नीचे पड़ी जामुन बीनने लगा। इसी दौरान पानी में करंट आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गनीमत रही कि साथ गए तीनों बच्चे दूर खड़े थे। ग्रामीणों ने बताया कि हाईटेंशन लाइन से करंट आने की कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की थी, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। यदि लाइन पेड़ों से दूर होती तो किसान की मौत न होती। ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष व्याप्त है।