मथुरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्ट्रेट परिसर में विकास प्रदर्शनी लगाई गई। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, पंचायतीराज, समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, खादी ग्रामोद्योग, उद्यान, पुलिस विभाग की स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-गायन तथा नुक्कड़ नाटकों का भी आनंद लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इधर प्रदर्शनी में बेसिक शिक्षा विभाग ने अभिनव शैक्षिक गतिविधियों और शिक्षण सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से अपनी स्टॉल को आकर्षण का केंद्र बनाया।
बीएसए रतन कीर्ति के निर्देशन में विकास खंड चौमुहां और राया की टीम ने टीएलएम प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में एआरपी, शिक्षक संकुल एवं शिक्षकों द्वारा तैयार की गईं शिक्षण-अधिगम सामग्री को प्रदर्शित किया गया। राया के शिक्षक करनपाल सिंह ने विभिन्न मॉडलों के बारे में जिलाधिकारी को जानकारी दी। इस दौरान संजय सिंह, अनुपम, जितेंद्र कुमार, विजय पाल सिंह, महेश चंद्र दिनकर, कृष्णा कटरा, मंजुला सिंह, अंजलि वर्मा, रिचा शर्मा, शशि बाला और दीप्ति सक्सेना मौजूद रहे।