मथुरा। चौमुहां में अझई रेलवे स्टेशन के निकट बृहस्पतिवार की सुबह इंजन का पावर फेल होने से मालगाड़ी दो घंटे तक खड़ी रही। बाद में मथुरा से इंजन भेजकर मालगाड़ी को रवाना किया गया। इस दौरान केवल एक यात्री ट्रेन को थर्ड लाइन से गुजारा गया।
आगरा से दिल्ली जा रही मालगाड़ी का बृहस्पतिवार सुबह 9:40 बजे चौमुहां में अझई रेलवे स्टेशन के निकट इंजन का पावर फेल हो गया, इससे ट्रेन रास्ते में खड़ी हो गई। सूचना पर पहुंचे रेलवे इंजीनियर्स ने इंजन को सही करने का प्रयास किया, लेकिन पावर नहीं आई। इसके बाद अफसरों को सूचना दी गई। मथुरा से दूसरा इंजन मंगाया गया और उसे जोड़कर मालगाड़ी को दिल्ली की ओर रवाना किया गया। इसके चलते मालगाड़ी डाउन रूट पर 2 घंटे तक खड़ी रही। मालगाड़ी के खड़े रहने के चलते उसके पीछे एक अन्य मालगाड़ी भी खड़ी रही।
इस दौरान आगरा-मथुरा से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन से थर्ड लाइन से होकर छाता तक चलाया गया इससे यात्री गाड़ियां प्रभावित नहीं हुईं। डीआरएम के पीआरओ व सीनियर डीसीएम एसके श्रीवास्तव ने बताया कि इस दौरान सचखंड एक्सप्रेस को वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन से छाता तक थर्ड लाइन से गुजारा गया।
33 ट्रेनें आज रहेंगी रद्द
फरीदाबाद में चौथी लाइन बनने के बाद आपस में इंटरलॉकिंग व अन्य विकास कार्यों को लेकर मथुरा से गुजरने वाली 33 ट्रेनें शुक्रवार को रद्द रहेंगी। अप रूट की झेलम एक्सप्रेस, कोटा जनशताब्दी एक्सप्रेस, पातालकोट एक्सप्रेस, इंदौर एक्सप्रेस, मुंबई फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस, तेलंगाना एक्सप्रेस, मुंबई बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस, आगरा दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस नांदेड सुपरफास्ट एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, कर्नाटका एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस शुक्रवार को रद्द रहेंगी।
वहीं डाउन रूट में श्रीधाम, महाकौशल एक्सप्रेस, फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, कोटा जनशताब्दी एक्सप्रेस, गंगानगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, चंडीगढ़ कर्नाटका संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, पातालकोट एक्सप्रेस, निजामुद्दीन बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस, तेलंगाना एक्सप्रेस, नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस रद्द रहेंगी।