धनतेरस के दिन मथुरा में चार सौ परिवार नई कार में सवार होंगे। इस दिन डिलीवरी के लिए मारामारी मची हुई है। आंकड़े में अभी और वृद्धि हो सकती है क्योंकि शोरुमों पर बुकिंग अभी भी जारी है। धनतेरस के दिन कार की डिलीवरी के लिए कई शोरूम पर एडवांस देकर बुकिंग की जा रही है।
उमा मोटर्स की ओर सेपीयूष चतुर्वेदी ने बताया कि उनके यहां कारों की बुकिंग शुरू है। अपेक्षा है इस बार 250 कारों की डिलीवरी होगी। अभी तक 150 कारें बुक हो चुकी है। बुकिंग का ग्राफ आखिरी दो दिन तेजी से बढ़ता है। कारोबारी अनुमान है कि मथुरा में 400 से अधिक परिवार धनतेरस के दिन नई कार अपने घर लेकर जाएंगे। इसके लिए अन्य शोरूमों पर भी बुकिंग की जा रही है।
इस बार इलेक्ट्रॉनिक आयटमों को लेकर भी बाजार में खासा क्रेज है। धनतेरस के दिन इन आयटम की खरीद के लिए लोग उत्साहित हैं। शहर में पांच बड़े डिस्ट्रीब्यूटर और 100 से अधिक दुकानों पर ये कारोबार करीब पांच करोड़ का आंकड़ा छू लेता है।
धनतेरस के दिन ही करीब 5 किलो सोना और 300 किलो चांदी के बर्तन, आभूषणों का कारोबार हो जाता है। इसमें चांदी के लक्ष्मी-गणेश, चांदी के सिक्कों का कारोबार अलग है।
इंतजाम नदारद, जाम से तो जूझेंगे आप
त्योहार के लिए सभी तैयार हैं लेकिन यातायात महकमा नहीं। शहर में जाम बड़ी समस्या है और त्योहारों पर ये और बढ़ेगी लेकिन यातायात पुलिस की ओर से इसके समाधान के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है। मंगलवार को भी बाजारों में जाम का झाम रहा और इंतजाम नदारद रहे।
वाहनों का चालान करने और क्रेन से गाड़ियों को उठाने के प्रति तो सक्रियता दिखी लेकिन शहर में लगने वाले जाम से बचने के लिए व्यवस्था करता कोई पुलिसकर्मी नहीं दिखा।
शहर के हृदय स्थल होलीगेट पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद त्योहार को देखते हुए बाजार खुला रहा।
भरतपुरगेट, जनरलगंज, चौक बाजार, छत्ता बाजार, विश्राम बाजार, स्वामीघाट, मथुरा-आगरा मार्ग पर भी जाम के हालत बने रहे। कोई भी यातायात पुलिस का जवान इसे खुलवाने के लिए जहमत उठाता नहीं दिखा।
नो एंट्री में जरूर रही सख्ती
शहर में बड़े वाहनों के लिए कई मार्गों पर दिन में नो एंट्री है। विकास बाजार, भरतपुर गेट, जीआइसी चौराहा, मिलन तिराहा से चार पहिया और बड़े वाहनों की एंट्री रोकने के लिए यहां पुलिसकर्मी जरूर मुस्तैद दिखे।