मथुरा। मुड़िया मेला में गोवर्धन जाने के लिए रोजाना रेल से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं को जंक्शन पर टिकट के लिए खुले रुपये की समस्या नहीं हो, इसके लिए रेलवे ने अतिरिक्त 18 टिकट काउंटरों का संचालन किया है। इन सभी काउंटर पर डिजिटल पेमेंट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को अब यूपीआई और क्यूआर कोड स्कैन से जनरल टिकट मिल सकेगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभी तक जनरल टिकट लेने के लिए स्टेशन पर लंबी लाइन लगानी पड़ती है, लेकिन मेले में भीड़ को नियंत्रण करने के लिए डिजिटल भुगतान करके टिकट लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे द्वारा स्टेशन पर यूटीएस मोबाइल ऐप के माध्यम से भी जनरल टिकट लेने को यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि मेले में 18 अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। इन सभी में डिजिटल पेमेंट की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
छुट्टे पैसों की परेशानी से निजात
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालु अब क्यूआर कोड को स्कैन कर किसी भी पेमेंट एप के जरिए आसानी से टिकट का पेमेंट कर सकेंगे। इसके अलावा काउंटर पर टिकट लेने के दौरान लोगों को छुट्टे पैसों की परेशानी का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। कई बार यात्री के पास छुट्टे पैसे नहीं होते और टिकट काउंटर पर मौजूद कर्मचारी द्वारा ज्यादा पैसे लेने की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं, लेकिन अब यात्रियों को इस तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।