मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर स्थित पेट्रोल पंप के संचालकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। इसमें संचालकों से पेट्रोल पंप स्थल का निर्धारित मापदंड के तहत नक्शा स्वीकृति कराने के निर्देश दिए हैं। यह नोटिस ५६ पेट्रोल पंप संचालकों को जारी किए गए हैं।
पिछले दिनों बरेली से समाजवादी पार्टी के विधायक के पेट्रोल पंप पर नक्शा स्वीकृति के अभाव में बुलडोजर चलाने के बाद अब मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने भी जनपद के पेट्रोल पंप संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। यह नोटिस पेट्रोल पंप पर मौजूद निर्माण का नक्शा स्वीकृत कराने के लिए जारी किए गए हैं। इसमें वह पेट्रोल पंप भी शामिल हैं, जिनका निर्माण विकास प्राधिकरण की स्थापना से पहले हुआ है।
विकास प्राधिकरण के इस कदम से पेट्रोल पंप संचालकों में खलबली मची हुई है। नोटिस के बाद पेट्रोल पंप संचालक अब पेट्रोलियम कंपनियों के मार्केटिंग अधिकारियों से संपर्क साध रहे हैं। गौरतलब रहे पेट्रोल पंप की जमीन संचालकों ने संबंधित पेट्रोलियम कंपनियों को लीज पर दी है। इसी कारण जमीन के अधिकार पेट्रोलियम कंपनियों के हैं। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार ने बताया कि नोटिस की कार्रवाई पेट्रोल पंप के नक्शा स्वीकृति के लिए की गई है। सरकार की व्यवस्था के तहत सभी पेट्रोल पंप संचालकों को नक्शा स्वीकृत कराना होगा।