मथुरा। रक्षाबंधन के त्योहार पर इटालियन चांदी से बनी राखियां बाजार में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनकी फिनिशिंग और डिजाइन अन्य राखियों से अलग होने के कारण ग्राहक इन्हें पसंद कर रहे हैं। वहीं एआई की डिजाइन से चांदी की डिजाइनर राखियां भी बहनों की पसंद बनी हुई हैं। खासतौर पर हल्के वजन वाली राखियों की मांग अधिक है। दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन और कीमतों में चांदी की राखियां उपलब्ध हैं।
रक्षाबंधन के त्योहार से पूर्व बाजारों में राखियों की खरीदारी तेज हो गई है। सर्राफा बाजार में चांदी की राखियों में नई डिजाइन देखने को मिल रही हैं। इनमें फूल, पत्ती, मोती और धार्मिक प्रतीकों के चिह्न वाली राखियां बहनों को पसंद हैं। कम वजन होने के कारण इन्हें पहनने में भी आसानी रहती है। व्यापारियों के अनुसार ऐसी राखियां उपहार के रूप में भी खरीदी जा रही हैं।
बाजार में एआई की मदद से तैयार डिजाइन भी ग्राहकों का ध्यान खींच रहे हैं। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार राखियों की खरीदारी कर रहे हैं। सर्राफा व्यापारी उदय गर्ग के मुताबिक ग्राहक ऐसी राखियों को प्राथमिकता दे रहे हैं जिन्हें रक्षाबंधन के बाद भी आभूषण की तरह इस्तेमाल किया जा सके। चांदी पर महंगाई है। वहीं इटालियन राखियों में चार ग्राम की कीमत वाली राखी एक हजार रुपये की मिल रही है। वहीं 10 ग्राम से कम की राखियों की कीमत लगभग ढाई हजार रुपये है।
वजन के अनुसार तय होती है कीमत
चांदी की राखियां अलग-अलग वजन और डिजाइन में उपलब्ध हैं। हल्के वजन वाली राखियां कम दाम में मिल रही हैं जबकि जटिल डिजाइन और अधिक चांदी वाली राखियों की कीमत वजन के अनुसार तय होती है।