मथुरा। धनगर जाति के प्रमाणपत्र निर्गत किए जाने की मांग को लेकर धनगर समाज विकास समिति ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
इस दौरान भेड़-बकरियां भी उनके साथ थीं। समाज के लोगों ने एलान किया है कि अगर उनकी मांग पर सुनवाई नहीं की गई तो 25 अक्तूबर से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। समाज के लोगों ने नगर मजिस्ट्रेट को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा है।
शुक्रवार को समाज के लोग डैंपियर नगर स्थित अहिल्याबाई होलकर पार्क में एकत्रित हुए। पैदल रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा है।
इस मौके पर समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद धनगर ने कहा कि धनगर जाति प्रमाणपत्र निर्गत करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए सरकार ने स्पष्टीकरण आदेश जारी किया था। इसके बाद भी समाज के लोगों को जाति प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। समाज के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
प्रमाणपत्र न बन पाने से परेशान हैं धनगर जाति के छात्र
समिति अध्यक्ष सतीश धनगर ने बताया कि समाज के छात्र जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भटक रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। जरूरतमंद छात्रों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान मुकेश धनगर, निर्मला धनगर, रुपेश धनगर, मेदाराम धनगर, बलवीर प्रधान, संजय प्रधान, भूपेंद्र धनगर, सोमवीर धनगर आदि लोग मौजूद रहे।