वृंदावन। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे, स्वर्ण आभूषणों एवं अष्टधातु की मूर्तियों की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मामले को लेकर अब ब्रज क्षेत्र के संत समाज ने भी चिंता व्यक्त की है। सनातन धर्म रक्षापीठ वृंदावन के पीठाधीश्वर एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के पक्षकार कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कौशल किशोर ठाकुर ने अपने पत्र में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की गतिविधियों की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि मंदिर के चढ़ावे, स्वर्ण आभूषणों तथा अन्य बहुमूल्य वस्तुओं के संबंध में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई हो सके। पत्र में उन्होंने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें ट्रस्ट की आय-व्यय का सार्वजनिक विवरण जारी करना, मंदिर की संपत्तियों का भौतिक सत्यापन, जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करना तथा ट्रस्ट की कार्यप्रणाली में अधिक पारदर्शिता लाना शामिल है।
कौशल किशोर ठाकुर ने विशेष रूप से मांग की है कि श्रीराम के वंश से जुड़े रघुवंशी एवं सूर्यवंशी क्षत्रिय समाज को भी मंदिर ट्रस्ट में प्रतिनिधित्व दिया जाए। उनका तर्क है कि भगवान श्रीराम रघुकुल और सूर्यवंश के गौरव थे, इसलिए उनके कुल से संबंधित समाज को ट्रस्ट में स्थान मिलना चाहिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने विभिन्न समाजों से धार्मिक एवं सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी ट्रस्ट में शामिल करने का सुझाव दिया है।