मथुरा। जाली करेंसी (नकली नोट) खपाने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में तीनों का नाम उगला है। मामले में जीजा-साले समेत तीनों आरोपी पुलिस की रडार पर हैं।
पुलिस को पिछले कुछ समय से गोवर्धन क्षेत्र में जाली नोटों की खपाए जाने की सूचना मिल रही थी। बुधवार को पुलिस ने अलीगढ़ के इगलास निवासी सौरभ को गिरफ्तार किया था और उसके पास से कुछ जाली नोट भी बरामद हुए थे। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया था कि जाली नोट साथी योगेश के सहयोग से गोवर्धन तक लेकर आया था। योगेश भी इगलास का निवासी है। योगेश ने दोस्त अजीत से जाली नोट प्राप्त किए थे। अजीत अपने साले मुतीश के साथ जाली नोट सप्लाई करने का कार्य करता है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों की कुंडली खंगालने में जुटी है। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो सकेगा कि अब तक बाजार में कितनी जाली करेंसी खपाई जा चुकी है और इसका मुख्य स्रोत कहां है। संवाद