मथुरा के वृंदावन में शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रमण रेती चौकी के सामने रात को हजारों की संख्या में लोग फंसे रहे। चारों ओर वाहन रेंगते रहे। वहीं, भीड़ के चलते संत प्रेमानंद ने भी पदयात्रा स्थगित कर दी।
विज्ञापन
सड़कों पर जगह-जगह चार पहिया गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। वाहनों के एसी से निकल रही गर्मी से आसपास खड़े लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। भीड़ में छोटे-छोटे बच्चे घबराए हुए नजर आए। परेशान होकर बच्चे कई जगहों पर रोते हुए दिखे।
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की तरफ से कोई ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था नहीं थी। रमण रेती से लेकर बांके बिहारी मंदिर मार्ग तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थिति यह रही कि न तो कोई ट्रैफिक सिपाही दिखाई दिया और न ही कोई सहायता केंद्र। श्रद्धालु घंटों तक भीड़ में फंसे रहे।