मथुरा। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास को लेकर जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसके लिए विभाग ने कवायद शुरू की है। नवंबर के अंतिम दिनों में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए मांगे आवेदनों पर अब साक्षात्कार शुरू किए गए हैं। जनपद में 2363 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। कुछ केंद्रों पर एक सहायिका से ही काम लिया जा रहा है। विभाग द्वारा सहायिकाओं पद के लिए साक्षात्कार किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से जनपद के सभी ब्लॉकों में ऐसे स्थान चयनित किए हैं जहां बढ़ती जनसंख्या के मद्देनज़र नये केंद्रों की आवश्यकता है।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा शासन को भेजे गए प्रस्ताव में वृंदावन के साथ कोसी कलां में भी आंगनबाड़ी केंद्रों को खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया कि आगामी दिनों में जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या में वृद्धि होगी। इसके लिए जिला चयन समिति के माध्यम से आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए साक्षात्कार किए जा रहे हैं। संवाद