बरसाना। राधाष्टमी पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने अपनी रणनीति पुलिसकर्मियों को समझाई। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने ब्रीफिंग में निर्देश दिए कि मंदिर क्षेत्र में दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को होल्डिंग एरिया में रोका जाए और जगह बनने पर उन्हें क्रम से आगे भेजा जाए। मेला क्षेत्र को सात जोन और 20 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
डीएम ने गेस्ट हाउस में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें। किसी स्थान पर दबाव बढ़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाएं ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो। अधिकारियों ने बताया कि होल्डिंग एरिया का इस्तेमाल मंदिर क्षेत्र में भीड़ का दबाव नियंत्रित रखने के लिए किया जाएगा। आगे रास्ता और मंदिर क्षेत्र में जगह होने पर श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में दर्शन के लिए भेजा जाएगा। इससे मंदिर के आसपास एक साथ भीड़ जमा होने की स्थिति नहीं बनेगी। एसएसपी श्लोक कुमार ने जवानों से कहा कि राधाष्टमी पर आने वाले श्रद्धालु अतिथि हैं। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की परेशानी पर तत्काल ध्यान दें। भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दें। ब्रीफिंग में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।