चौमुहां, मथुरा। वृंदावन में जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर 1.45 करोड़ रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। दिल्ली निवासी पीड़ित ने पांच नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार दिल्ली निवासी तीर्थ चंद गर्ग व उनके बेटे चेतन गर्ग वृंदावन में आवासीय जमीन खरीदना चाहते थे। 10 जनवरी 2024 को उनकी मुलाकात बालमुकुंद शर्मा से हुई। बालमुकुंद ने खुद को जमीन के सौदे में सक्षम बताते हुए उन्हें जमीन दिखाई और सुनरख क्षेत्र में स्थित कार्यालय बुलाया। बाद में उसने कपिल जग्गी, कृष्ण कुमार मंडेलवाल, योगेंद्र पाल मंडेलवाल और मीना कुमारी से भी परिचय कराया।
आरोपियों ने करीब 11973 वर्गफुट जमीन को बिक्री के लिए बताया। संबंधित दस्तावेज और राजस्व अभिलेख दिखाकर जमीन को सही बताया गया। 10 जून 2024 को बैनामा कराने की बात कही और सौदे के एवज में आरोपियों ने आरटीजीएस के माध्यम से कुल 1.45 करोड़ रुपये का भुगतान ले लिया। 4 अप्रैल 2025 को जब शिकायतकर्ता बेटे और मजदूरों के साथ जमीन पर निर्माण कराने पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने बताया गया कि उक्त खसरा संख्या की जमीन मौके पर नहीं है। पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।