जैंत चौकी क्षेत्र में राधाकुंड मार्ग पर शुक्रवार को हुए हादसे में ऑटो सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। वहीं गुरुवार की रात गांव बाद के समीप श्रद्धालुओं से भरी बस गड्ढे में जाने से पलट गई। आठ सवारी घायल हैं।
ऑटो चालक सवारियों को लेकर राधाकुंड से छटीकरा आ रहा था। राधाकुंड-छटीकरा मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के समीप ऑटो ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराया। युवक की मौके पर पही मौत हो गई। मृतक की जेब से एक नंबर मिला है, जो कि झांसी का है। पुलिस ने उस नंबर पर फोन किया है। परिवारीजनों के आने के बाद ही शिनाख्त हो सकेगी।
थाना रिफाइनरी क्षेत्र में हुए अन्य हादसा गुरुवार की रात 11:30 बजे हुआ। औरैया से 60 श्रद्धालुओं को गिरिराज परिक्रमा को गोवर्धन ले जा रही बस गांव बाद स्थित बीएसएफ गेट की पुलिया के पास बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस गड्ढे में गिरकर पलट गई।
चीखपुकार मच गई। कुछ श्रद्धालुओं ने 100 और 108 नंबरों पर सूचना दी। गश्त कर रहे बीएसएफ के जवान भी पहुंच गए और 108 एंबुलेंस की चार गाड़ियां पहुंच गई। बस में फंसे श्रद्धालुओं को निकाला। घायल धीरेंद्र कुमार, पप्पी देवी, आशा तिवारी, अजय, कृष्णादेवी, सतीश कुमार, कौशलेंद्र सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।