एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 120 के समीप बुधवार सुबह 6:30 बजे डिवाइडर से बाइक टकराने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक नोएडा से इटावा जा रहे थे। सूचना पर पहुंची महावन पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में कर बाइक को मार्ग से हटवाया। पुलिस की मानें तो दोनों में किसी ने हेलमैट नहीं पहन रखा था।
इटावा के गांव राइन निवासी बंटी (28) और सोनू (29) दोनों मित्र अपनी बाइक से बुधवार सुबह नोएडा से आगरा की तरफ जा रहे थे। थाना महावन क्षेत्र के गांव मोहनपुर के समीप हादसा हो गया। डिवाइडर से बाइक टकराने के बाद बाइक सवार दोनों युवक काफी दूर जाकर गिरे।
महावन पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने देखा तो दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया था। तलाशी में उनकी जेब से मिले मोबाइल के आधार पर हुई शिनाख्त के बाद पुलिस ने उनके परिवारीजनों को सूचित किया। देर शाम परिवारीजन मथुरा पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिवारीजन इटावा ले गए।