महिला से अश्लील बातें करने और उसे एकांत में बुलाने पर अड़े एसओ बलदेव शशिपाल यादव को जांच के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके स्थान पर लाइन में तैनात इंस्पेक्टर तेजवीर सिंह यादव को बलदेव थानाध्यक्ष बनाया है। महिला ने पुलिस अधिकारियों को फोन पर की गई बातों की सीडी भी दी थी। एसएसपी ने इस मामले की जांच सीओ महावन को सौंपी थी।
पिछले दिनों गांव के तीन लोगों ने महिला के साथ मारपीट की थी, इसकी शिकायत लेकर वह थाने गई थी। महिला का पति इन दिनों जेल में है। इस दौरान एसओ ने महिला को मदद का आश्वासन दिया और एकांत में मिलने को कहा। इसके बाद 20 अक्तूबर को गांव के कोमल, योगेश और दीपू के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके बाद एसओ ने महिला से रिपोर्ट लेने आने और एकांत में मिलने के लिए दबाव डाला।
महिला ने एसओ द्वारा फोन पर की गई 12 मिनट 28 सेकेंड की बातें रिकार्ड कर लीं और सीडी बनाकर एसएसपी को सौंपी। एसएसपी ने इस मामले की जांच सीओ महावन को सौंपी थी। सीओ द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने यह कार्रवाई की है।
बता दें कि बलदेव के एक गांव में एक माह पूर्व एक आबकारी टीम और पुलिस ने कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में शराब और नशे का सामान पकड़ा था। इसके आरोप में इस महिला के पति को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
दुराचार के आरोप से महिला का इंकार
एसओ बलदेव पर दुराचार के आरोप के मामले में सीओ महावन ने महिला और एसओ के बयान लिए। सीओ ने बताया कि दी गई सीडी और बयानों में दुराचार का मामला प्रकाश में नहीं आया है। हालांकि एसओ महिला को अश्लील बातें करते हुए एकांत में बुलाने पर आमादा थे। इसकी रिपोर्ट सौंपी गई है।
अकेले हास्पिटल के गेट पर मिलो, और कुछ नहीं...
एसओ बलदेव के खिलाफ एसएसपी को प्रस्तुत की गई सीडी में एसओ बलदेव महिला को सुबह 10 बजे अस्पताल के पास मिलने के लिए मजबूर कर रहे हैं। सीडी रिकॉर्डिंग के अनुसार एसओ ने कहा कि अकेले हास्पिटल के गेट पर मिलो और कुछ नहीं...।