इस्कॉन मंदिर के पीछे बहुमंजिला इमारत में रह रही रूस निवासी महिला की बीते बुधवार को सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। परिवारीजनों ने पुलिस और एलआईयू को बिना बताए अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका की बेटी भी घटना के दिन से लापता है। शुक्रवार को लोगाें की शिकायत पर पुलिस और एलआईयू ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक के अनुसार रूस की रहने वाली सूकोलोवा (85) बीते कई वर्षों से बेटी एलीना के साथ इस्कान के पीछे बनी आठ मंजिला इमारत (रसियन बिल्डिंग) के फ्लैट नंबर 515 में रह रहीं थीं। बताया गया है कि आठ मार्च की सुबह सूकोलोवा संदिग्ध हालात में बिल्डिंग की सातवीं मंजिल से गिर गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बेटी एलीना और अपार्टमेंट के अन्य लोगों ने बिना पुलिस को बताए ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया। शुक्रवार को दोपहर में स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) हरकत में आई और पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने इमारत के मैनेजर दीपक शर्मा से पूछताछ की तो उन्होंने घटना को स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आठ मार्च से ही एलीना भी लापता है और फ्लैट पर ताला लगा है। एलआईयू प्रभारी एमएस गौड़ ने बताया कि रूसी महिला की मौत की सूचना उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही रूसी दूतावास को भी दे दी है। महिला की मौत के मामले की जांच की जा रही है।