सुरीर कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव तुलागढ़ी में राशन डीलर की शिकायत पर जांच के लिए पहुंचे जिला पूर्ति अधिकारी की टीम के साथ गाली-गलौज, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में सहकारी बैंक के चेयरमैन सहित 15-20 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।
जिलापूर्ति अधिकारी केपी मिश्रा की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप है कि ग्रामीणों की शिकायत पर गांव तुलागढ़ी के राशन डीलर के यहां तहसीलदार वीरेन्द्र सिंह पूर्ति निरीक्षक रामसनेही और पुलिस के साथ वह गांव पहुंचे थे।
वे ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप की जांच कर रहे थे कि तभी राशन डीलर के यहां मांट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन जगदीश नौहवार 15-20 साथियों के साथ पहुंच गए। चेयरमैन ने उनसे गाली-गलौज की और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी-कर्मचारी संघ ने जताया विरोध
मांट तहसील के गांव खावल में जिलापूर्ति अधिकारी सहित राशन डीलर की जांच को गई टीम के साथ मारपीट के मामले में गुरुवार को खाद्य एवं रसद अधिकारी व कर्मचारी संघ ने विरोध जताया। अधिकारी और कर्मचारियों ने डीएम से मिलकर घटना पर आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि आपूर्ति विभाग की जांच और कार्रवाई में राजनीतिक लोगों का हस्तक्षेप बढ़ रहा है। इसके कारण निष्पक्ष रूप से कार्य करना संभव नहीं हो पा रहा है।
डीएसओ के पक्ष में आए डीलर
जिलापूर्ति अधिकारी के साथ मारपीट के मामले में गुरुवार को जिले भर के राशन डीलर जिला मुख्यालय पर एकत्रित हो गए। डीएम कार्यालय और जिलापूर्ति अधिकारी कार्यालय पर घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया। एडीएम वित्त रवींद्र कुमार ने उनकी बातों को सुनने के बाद आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई होगी।