थाना बलदेव के गांव बरौली में सिंडीकेट बैंक से चोरी गार्ड की लाइसेंसी बंदूक और कारतूस गुरुवार को एक खेत में से बरामद हो गए। उस समय बदमाशों ने बैंक के कैश रूम को तोड़ने का असफल प्रयास किया था।
गांव बरौली की सिंडीकेट बैंक की शाखा में 24/25 जनवरी की रात में चोर छत काटकर अंदर घुस गए थे। इसके बाद उन्होंने कैश रूम तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल होने पर वह बैंक में कार्यरत सुरक्षा गार्ड गांव ख्याली गढ़ी कोतवाली सादबाद हाथरस निवासी सुखवीर सिंह की वहां रखी लाइसेंसी बंदूक और 15 कारतूस ले गए थे।
इसकी रिपोर्ट थाना बलदेव में दर्ज कराई गई थी। गुरुवार को चोरी गई बंदूक और कारतूस गांव के निकट ही एक सरसों के खेत से बरामद हो गए। थाना प्रभारी ने बंदूक और कारतूस बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चोरों की तलाश की जा रही है।