दिनदहाड़े व्यवसायी से दो लाख की रंगदारी मांगने आए दो बदमाशों को भीड़ ने दबोच लिया। भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
बृहस्पतिवार दोपहर लगभग दो बजे दो बदमाश पैंठ रोड स्थित चौधरी इलेक्ट्रॉनिक्स पर पहुंचे। एक बदमाश दुकान के गेट पर खड़ा हो गया।
दूसरे बदमाश ने व्यवसायी से दो लाख रुपये देने को कहा। कारण पूछने पर कारोबार न करने देने की धमकी दी। इसपर दुकानदार ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास खड़े लोगों ने उसे दबोच लिया जबकि दूसरा बदमाश भाग निकला।
भीड़ ने पीछा कर उसे भी नेशनल इंटर कॉलेज के पास दबोच लिया। दोनों की जमकर धुनाई हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
एक बदमाश औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव जाड़ौल का रहने वाला है जबकि दूसरा मेरठ का रहने वाला है। एसएचओ शत्रुघभन उपाध्याय का कहना है कि पकड़े गए बदमाशों के साथियों और गिरोह के सरगना के बारे में पूछताछ की जा रही है।
रंगदारी मांगने कार से आए थे बदमाश
शिकारपुर में व्यवसायी से रंगदारी मांगने वाले जिन दो बदमाशों को पुलिस ने दबोचा है। वह एक कार से आए थे। आसपास के लोगों ने बताया कि कार में चार या पांच लोग सवार थे।
इनमें दो लोग कार से उतरकर व्यवसायी के पास गए थे लेकिन शोर मचने पर कार सवार बदमाश भाग निकले।