लगभग छह महीने पूर्व वृंदावन के अटल्ला चुंगी से लापता हुई विवाहिता सीमा को पुलिस ने शाहजहांपुर से बरामद कर लिया है। पुलिस ने उसका मेडिकल टेस्ट की भी कराया है। गोशालानगर निवासी सोमप्रताप द्विवेदी ने चार माह पूर्व राम मंदिर के महंत रघुनाथ दास और उनके शिष्य रामदास पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोप था कि ये 24 जून को उसकी पत्नी सीमा का अपहरण कर भगा ले गए। पुलिस ने शनिवार रात सीमा को शाहजहांपुर से बरामद कर लिया। एमएससी तक शिक्षा ग्रहण कर चुकी सीमा ने पुलिस को बताया कि महंत रघुनाथदास और उनका शिष्य बेकसूर हैं। वह अपने पति सोमप्रताप के जुल्मों और आए दिन की मारपीट से परेशान होकर 24 जून की सुबह लखनऊ चली गई।
यहां भाजपा नेत्री चंद्रकांता से मुलाकात हुई। उन्होंने उन्हें हरिद्वार भेज दिया। वह कई महीने तक हरिद्वार में रही इसके बाद शाहजहांपुर आ गई। सीमा ने कहा कि उसके तीन बच्चे हैं, जिन्हें वह अपने साथ रखना चाहती है, लेकिन पति सोमप्रताप ने डरा धमकाकर उसे अपने साथ रखा है। कोतवाली प्रभारी उदयवीर सिंह ने कहा कि महिला को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।