बड़गांव। गांव खुदाबक्शपुर माजरा में चढ़त के दौरान बारातियों और गांव के कुछ युवकों में मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। बाद में सभी रस्में पूरी होने के बाद बारात को पुलिस की निगरानी में विदा कराया गया।
रविवार को गांव खुदाबक्शपुर माजरा निवासी प्रदीप पुत्र चंद्रभान की छोटी बहन पूजा की मुजफ्फरनगर के रोहाना से बारात आई थी। करीब शाम तीन बजे चढ़त के दौरान बाराती डीजे पर डांस कर रहे थे।
बाराती नाचने के दौरान रुपयों को हवा में उड़ा रहे थे। इसी दौरान गांव का एक बच्चा रुपये एकत्र करने लगा तो एक बाराती से उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसका गांव के कुछ युवकों ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसमें दूल्हे विकास का भाई चोटिल हो गया। घरातियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी युवक फरार हो गए। बाद में पुलिस की मौजूदगी में विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद ही बारात विदा कराई गई। लड़की का भाई डीआईजी के यहां बतौर रसोईया कार्यरत है।
पुलिस ही बारात को गांव से बाहर तक छोड़कर आई। थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई थी। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।