थाना बलदेव क्षेत्र के गांव मीरपुर में बुजुर्ग महिला क ी गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्यारे वृद्धा के पास रखे दो लाख रुपये भी ले गए।
गांव मीरपुर निवासी दुलारी देवी (80) की यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 10 बीघा जमीन है। दुलारी देवी के पुत्र मोहन सिंह ने बताया कि उसमें से दो बीघा जमीन का सौदा एत्मादपुर के एक प्रॉपर्टी डीलर से हो गया था। पैतृक जमीन में तीन भाई और मां सहित चार साझीदार हैं।
मोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को प्रॉपर्टी डीलर से पेशगी के तौर पर दो लाख रुपये लिए थे। वे मां को दे दिए। सुबह देखा तो मां के हाथ बंधे थे और किसी ने साफी से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। सूचना पर बलदेव पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मोहन ने बताया कि खोजबीन में मां को दिए दो लाख रुपये भी नहीं मिले। मोहन के अनुसार मां के पास उसका भाई और बगल के घर में दूसरा भाई सोया था।
मामले में धनपाल ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे संपत्ति का विवाद मान रही है।