बलदेव के गांव भरतिया में बुजुर्ग महिला की उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। बदमाश महिला के कुंडल और अन्य जेवरात लूट ले गए हैं। रामवती उर्फ बत्तो देवी (70) पत्नी भजनलाल अपने घर के बाहर परचून की दुकान चलाती थीं। रात में वह दुकान में ही सो जाती थीं।
मंगलवार की सुबह उनकी पुत्रवधू शारदा दुकान पर पहुंची तो रामवती को मृत पाया। उनके गले में साड़ी का फंदा कसा हुआ था। कान के कुंडल और अन्य जेवरात गायब थे। पुलिस के अनुसार रात को किसी वक्त बदमाश दुकान में घुस आए और लूटपाट करने लगे। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने उसी की साड़ी से गला घोंटकर मार डाला। मामले में मृतका के पुत्र सुखवीर ने लूट एवं हत्या का मामला दर्ज कराया है।
लूट और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आशंका है कि नशेबाजों ने इस कृत्य को अंजाम दिया। मृतका के कुंडलों के अलावा बदमाश कुछ नहीं ले गए हैं। जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा।
-प्रवीण कुमार मान, थाना प्रभारी बलदेव