मेवाड़ एक्सप्रेस के एसी कोच में 25 अप्रैल की भोर में हुई चोरी का जीआरपी ने खुलासा कर दिया। जीआरपी ने एक पॉलीटेक्निक के छात्र को पकड़ा है। इससे चोरी गया मोबाइल, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और अन्य कागजात बरामद किए हैं।
उदयपुर सिटी से निजामुद्दीन जा रहे उदयपुर निवासी शैल चोयल और उनकी पत्नी सुरजीत चोयल सहित तीन महिला यात्रियों का मेवाड़ एक्सप्रेस के एसी कोच ए-1 से 25 अप्रैल की सुबह ज्वेलरी, नकदी, कीमती मोबाइल आदि चोरी हो गए थे। इसकी रिपोर्ट पीड़ित यात्री ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाने में दर्ज कराई गई थी।
शैल चोयल के पुत्र आकाश चोयल ने चोरी गए मोबाइल की लोकेशन का पता नरहौली में बताया था। इसके बाद मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया गया। इसके आधार पर जीआरपी ने सूरज निवासी बिलहरि थाना मोहनिया जिला कैमूर बिहार हाल निवासी शंकर गली धौलीप्याऊ कोतवाली को पकड़ा गया। इसके पास से चोरी गया मोबाइल, एटीएम, क्रेडिट कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किया है।
जीआरपी निरीक्षक पूरन सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए युवक ने अपनी पड़ोसी महिला के फोन से पीड़ित शैल चोयल के पुत्र आकाश को एटीएम कार्ड का पिन पूछने के लिए फोन किया था। जब महिला से पूछताछ की गई तो उसने युवक सूरज का नाम बताया। इसके आधार पर ही युवक को पकड़ा गया है। इसके एक अन्य साथी राकेश लंबू की तलाश की जा रही है। उसके नेपाल भागने के सुराग मिल रहे हैं।
जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि सूरज पॉलीटेक्निक इलेक्ट्रानिक्स ब्रांच का छात्र है। उसने चोरी के मोबाइल में अपनी इंजीनियरिंग दिखाने का प्रयास किया था। इसके बाद से ही पीड़ित यात्री शैल चोयल के पुत्र आकाश चोयल के मोबाइल पर मेसेज पहुंचने शुरू हो गए थे।