100 करोड़ की तेल चोरी के मुख्य आरोपी मनोज गोयल
- फोटो : अमर उजाला
रिफाइनरी की पाइप लाइन से 100 करोड़ की तेल चोरी के मुख्य अभियुक्त मनोज गोयल को शनिवार की रात मथुरा में हाईवे पर भरतपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। वो अपनी कार से दिल्ली से लौट रहा था और आगरा जा रहा था। मनोज गोयल को गिरफ्तार करने के बाद एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने उसके फरार साथियों की तलाश में भी दबिश दी लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
मथुरा रिफाइनरी से जालंधर को जा रही पाइप लाइन में सेंधमारी करके बड़ी तेल चोरी का 18 फरवरी को खुलासा हुआ था। पुलिस ने राया के गांव भंकरपुर बसेला के प्रधान रामहरी, रवि कुमार और आगरा के पेट्रोल पंप मालिक तरविंदर सिंह और सुरीर के गांव गढ़ीपरसोती निवासी कुलदीप पाठक को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। पुलिस पूछताछ में पता चला कि तेल चोरी के इस पूरे नेटवर्क का सरगना आगरा का पेट्रोल पंप व्यवसायी मनोज गोयल है। रिफाइनरी की पाइप लाइन से चोरी किए गए तेल को उसी के पंपों पर खपाया गया है। मनोज गोयल की गिरफ्तारी को पुलिस और एसटीएफ ने कई जगह दबिश दी लेकिन हाथ नहीं लगा।
25 मार्च को मनोज गोयल की आगरा के नेहरू नगर में स्थित कोठी पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया था। नोटिस चस्पा करने के कुछ घंटे बाद ही शनिवार की रात को करीब पौने ग्यारह बजे एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने मथुरा में भरतपुर तिराहे से उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार की दोपहर को उसे मीडिया के समक्ष पेश किया गया। एसटीएफ के एडिशनल एसपी प्रशांत प्रसाद, आईपीएस कुंवर अनुपम सिंह और एसपी सिटी अशोक कुमार ने बताया कि चोरी का तेल मनोज गोयल ने अपने पेट्रोल पंपों पर सबसे ज्यादा बेचा है। वह तेल चोरी से जुड़े लोगों को पैसा मुहैया कराता था। पूरी प्लानिंग उसी की रहती थी। मनोज को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।