भाग रही लड़की को पुलिस ने पकड़ा
- फोटो : demo
एक युवती पर मुंबई जाकर फिल्मों में काम करने का भूत ऐसा चढ़ा कि मां के जेवरात चुराए और घर छोड़ दिया। परिवार वालों की सूचना पर चौकस हुई आरपीएफ ने उसे पकड़ लिया और घर वालों के हवाले कर दिया।
दिल्ली के कालका जी इलाका निवासी 18 वर्षीय युवती को उसके फेसबुक फ्रेंड ने फिल्मों में एक्टिंग का ऐसा ख्वाब दिखाया कि उस पर मुंबई जाने का जुनून सवार हो गया। फेसबुक फ्रेंड के कहने पर उसने घर छोड़ दिया और मुंबई के लिए रवाना हो गई। उसने अलमारी से मां के जेवरात और नगदी भी निकाल ली थी।
युवती और उसके फेसबुक फ्रेंड के बीच हुए वार्तालाप को लड़की के मामा ने पढ़ लिया और परिवार वालों को बताने के साथ ही पुलिस को सूचित किया। आरपीएफ ने युवती को स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से बरामद कर लिया है। सूचना पर परिवार वाले मथुरा जंक्शन पर पहुंचे और युवती को अपने साथ ले गए।