थाना बरसाना क्षेत्र के गांव हाथिया के लुटेरों ने एक टेलीकॉम कंपनी के लोगों को बरसाना बुलाकर दिनदहाड़े लूट लिया।
बरसाना पुलिस ने एक सप्ताह पहले टटलू लुटेरे मुबारिक और उसके भाई सहित चार लोगों को जेल भेजा था। इसके बाद बरसाना पुलिस दावा करने लगी कि अब हाथिया के लुटेरे लूट नहीं कर सकेंगे।
सोमवार को अलीगढ़ के रहने वाले टेलीकॉम कर्मचारियों को हाथिया के टटलू लुटेरों ने फोन कर मोबाइल टावर लगवाने और सीसी कैमरा लगवाने की कहकर बरसाना बुलाया। इस पर अलीगढ़ से इंजीनियर बोलेरो जीप से हाथिया गांव में टावरों को चेक करने जा पहुंचे।
बरसाना से हाथिया मार्ग पर रास्ता अवरुद्ध देख कर्मचारी गाड़ी से नीचे उतरे तो हथियारबंद लुटेरों ने रोक लिया और मारपीट कर मोबाइल व हजारों की नगदी लूट ली और भाग गए। घटना की सूचना पीड़ितों ने इलाका पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।