थाना फरह क्षेत्र में हाईवे पर बाइक सवार दंपति से को दूसरी बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। नकदी और जेवरात लूट लिए। दंपति देर रात मथुरा से आगरा लौट रहे थे।
थाना सिकंदरा, आगरा में बोदला क्षेत्र के सरस्वती नगर बैनारा उद्योग निवासी मोहन वर्मा पुत्र दीनदयाल अपनी पत्नी के साथ बुधवार को बाइक से मथुरा एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बुधवार को रात में 9:30 बजे वे बाइक से आगरा वापस जा रहे थे।
रात में करीब 10 बजे जब वे थाना फरह क्षेत्र में गांव रैपुरा के निकट पहलवान ढाबे के पास से गुजरे तभी पीछे से आए तीन बदमाशों ने तमंचे तानकर उनकी बाइक रुकवाई और बाइक रुक ते ही मोहन वर्मा की कनपटी पर तमंचा की बट मार दी। पत्नी ने विरोध किया तो उनके भी बट मार दी।
इसके बाद बदमाशों ने मोहन वर्मा से पर्स, 8000 नकदी, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन लूट लिया। पत्नी से एक लाख से अधिक के जेवरात लूट लिए और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना पर रैपुराजाट पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मोहन वर्मा ने फरह थाने में तहरीर दी है।