थाना मगोर्रा क्षेत्र में स्कार्पियो सवार लुटेरों ने कारोबारी का सिर फोड़कर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद लुटेरे राजस्थान की ओर भाग गए।
भरतपुर राजस्थान के गांव गुनसारा निवासी हरपाल सिंह सोमवार को मथुरा में सौंख रोड पर खल की खेप उतारने ट्रैक्टर-ट्राली से आए थे।
सोमवार को रात में आठ बजे जब खल बिक्री की डेढ़ लाख की रकम लेकर गांव जा रहे थे तो राजस्थान बार्डर पर लाढ़पुर नहर के पास पीछे से आए स्कार्पियो सवार लुटेरोें ने ओवरटेक कर ट्रैक्टर-ट्राली को रुकवा लिया।
रुकते ही हरपाल से मारपीट कर डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। हरपाल ने विरोध किया तो एक लुटेरे ने उनके सिर में डंडा मार दिया और रकम लूटकर राजस्थान की ओर भाग गए।
हरपाल ने इसकी सूचना मगोर्रा पुलिस को दी। पुलिस ने लुटेरों की तलाश में वाहन चेकिंग कराई और भरतपुर पुलिस को सूचना दी लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका। मामले में हरपाल ने मगोर्रा पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।