चंदनबोस, राकेश गुप्ता के बाद अब पुलिस ने वीरेश यादव की तलाश तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस वीरेश के करीब पहुंच गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ढाई साल से जवाहर बाग में कब्जा जमाए रामवृक्ष यादव के खास लोगों में बदायूं निवासी वीरेश यादव भी था। वह पूरे जवाहर बाग की सुरक्षा समितियों की कमान संभालता था। चंदनबोस के बस्ती और राकेश गुप्ता के बदायूं में पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उससे वीरेश यादव के ठिकानों की जानकारी जुटाई है।
इसी जानकारी के अनुसार वीरेश यादव को दबोचने के लिए मथुरा पुलिस की चार टीमें दबिश दे रही हैं। एसटीएफ और एटीएस भी उसके पीछे लगी हुई है।
वीरेश को पकड़ने के लिए अलग रणनीति
जवाहर बाग कांड में हुई हिंसा में अहम भूमिका निभाने वाले वीरेश यादव को पकड़ने के लिए मथुरा पुलिस ने अपनी अलग से रणनीति बनाई है। अब तक पकड़े गए चंदनबोस और राकेश गुप्ता के मामले में मथुरा पुलिस के हाथ केवल पूछताछ करना ही बाकी रह गया था।
इसमें चंदनबोस को पकड़ने में बस्ती पुलिस श्रेय ले गई। उसने फर्द में मथुरा पुलिस को शामिल नहीं किया वहीं राकेश गुप्ता को पकड़ने में बदायूं पुलिस श्रेय ले गई। दोनों को मेडिकल कराकर सुपुर्द किया गया। मथुरा पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर मथुरा लेकर आई। दोनों से कड़ाई से पूछताछ तक न कर सकी।