कान्हा की नगरी में घनी आबादी के बीच अवैध कट्टीघर चल रहा है। इसका खुलासा शुक्रवार को जानवरों की खाल से भरा ट्रक पकड़े जाने के बाद हुआ। पुलिस ने ट्रक सहित कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 9 बजे हिंदूवादी नेताओं ने जिला प्रशासन और पुलिस अफसरों को जानकारी दी कि मछली मंडी में खड़े ट्रक में जानवरों की खाल को लादा जा रहा है। इन्हें इस्लामियां इंटर कालेज के पीछे के क्षेत्र में बने गोदाम में से रिक्शा में लाया जा रहा था। सूचना के बाद भी काफी देर तक प्रशासन और पुलिस सक्रिय न हुआ तो हिंदूवादियों ने खुद ही घेराबंदी शुरू कर दी।
इसके बाद एसएसपी डा.राकेश सिंह के निर्देश पर हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने मौके से ट्रक को पकड़कर चौकी बाग बहादुर पर खड़ा कर दिया। ट्रक के साथ पकड़े गए लोगों को कोतवाली के हवाले कर दिया गया। बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट धर्म और आस्था की नगरी में अवैध पशुकटान को प्रतिबंधित कर चुका है। दो दिन पहले एनजीटी ने भी इसे लेकर आदेश जारी किया है।
इसके बावजूद शहर के बीच घनी आबादी में पशुओं का अवैध कटान चलता मिला। आरोप है कि ये सब कोतवाली, चौकी डीग गेट और थाना गोविंद नगर पुलिस की निगरानी में हो रहा है। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष पंकज पंडित, प्रांतीय सदस्य विजय बहादुर सिंह, गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, पूर्व राज्यमंत्री रविकांत गर्ग, पूर्व चेयरमैन रवींद्र पांडेय, हिंदू हेल्पलाइन के जिला संयोजक चौधरी प्रेम सिंह आदि एकत्रित हो गए थे। सभी लोगों की पुलिस से तड़का भड़की भी हुई। ट्रक को दुर्गंध के कारण थाना रिफाइनरी क्षेत्र में भेज दिया गया था।