शाहजहांपुर के मोहल्ला अंटा चौराहा निवासी खुशी शुक्ला ने एक नेता के करीबी पर पति को गायब कर देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, लेकिन युवती की काई मदद नहीं की गई। पूरा दिन युवती थाने में रोती रही, लेकिन पुलिस वालों का दिल नहीं पसीजा। देर शाम मामला सीओ उमेश शर्मा की जानकारी में पहुंचा तो उन्होंने युवती को मदद का भरोसा दिलाते हुए पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
मूल रूप से खीरी के भीरा कसबा निवासी खुशी शुक्ला के मां, बाप की मौत हो चुकी है। उसके कोई भाई, बहन भी नहीं हैं। तीन माह पूर्व उसने बंडा के गांव सुंदरपुर निवासी पपिंदर सिंह से मंदिर में शादी की थी। खुशी के अनुसार एक व्यक्ति ने उसके पति की जमीन खरीदी थी। खरीदी गई जमीन का पैसा देने के लिए पति को जमीन खरीददार बृहस्पतिवार को अपने साथ ले गया, उसके बाद से पति का कोई पता नहीं चल रहा है। जो व्यक्ति पति को ले गया है वह कह रहा है कि पपिंदर सिंह को बरेली के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि पति कोई भी नशा नहीं करता है।
शुक्रवार सुबह खुशी थाने पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी देकर पति का पता लगवाए जाने की गुहार की। आरोप है कि पुलिस ने पति को ले जाने वाले से फोन पर बात की, लेकिन कोई मदद नहीं की।
देर शाम खुशी को किसी तरह सीओ का मोबाइल नंबर मिला। खुशी ने अपनी व्यथा बताई तो सीओ उमेश शर्मा ने उसे पूरी मदद करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बरेली में नशा मुक्ति केंद्र पर पपिंदर सिंह का पता कराया जा रहा है। उसका पता नहीं चला तो आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। युवती ने बताया कि उसके पति विकलांग है और उनको जान का खतरा है।