सादाबाद रोड पर स्थित गांव मदैम में टंकी से पानी भरने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। पहले कहासुनी और फिर दोनों तरफ से पथराव होने लगा। मकान की छतों से चढ़कर एक-दूसरे के घरों पर पत्थर बरसाए गए। इस बीच फायरिंग भी हुई। पत्थर लगने से पिता-पुत्र घायल हो गए हैं। मुकदमा दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी गई है।
राया के गांव मदैम में पानी का संकट है। यहां खारा पानी है। टंकी के जरिए मीठे पानी की सप्लाई की जाती है। एक टंकी से सभी ग्रामीण पानी भरते हैं। सोमवार की सुबह को गांव के ही रामपाल और मानिक के परिवार की महिलाएं यहां से पानी लेने पहुंची थी। इसी दौरान महिलाओं में एक-दूसरे से पहले पानी भरने को लेकर कहासुनी हो गई।
झगड़ा बढ़ता चला गया। महिलाओं का झगड़ा पुरुषों तक पहुंच गया। दोनों परिवारों के पुरुष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर निशाना बनाकर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। फायरिंग भी की गई। रामपाल और उनका बेटा रामवीर सिंह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तभी झगड़ा करने वाले भाग गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेज दिया है। घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है।